हरियाणा में 1 नया मामला आया, डबवाली में मौलवी की पत्नी संक्रमित मिली, पिछले एक महीने से मस्जिद में जमाती रूके हुए थे

हरियाणा में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 183 पहुंच गया है। सोमवार को सिरसा जिले के डबवाली में एक महिला संक्रमित मिली है। मामला रोड़ी गांव का है, पूरे गांव को सील कर दिया गया है। महिला मस्जिद के मौलवी की पत्नी है। 



उपायुक्त रमेश चंद्र बिढ़ान पुलिस व जिला प्रशासन के अधिकारियों को आदेश देते हुए।  


प्राप्त जानकारी के मुताबिक रोड़ी गांव की मस्जिद में मार्च महीने में कुछ जमाती आए थे। वे लॉकडाउन के बाद से यहीं रूके हुए थे। उनकी संख्या 19 है। लॉकडाउन के दौरान जब जमातियों के पॉजिटिव होने के मामले सामने आए तो सरकार ने सभी मस्जिदों की जांच करवाई थी। इस जांच में यहां भी जमातियों के होने की सूचना मिली थी। इन सब की स्क्रीनिंग की गई थी। सभी स्वस्थ थे। 


इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने इन्हें क्वारैंटाइन रहने के लिए कह रखा था। इसी बीच दो दिन पहले स्वास्थ्य विभाग ने इन सभी के सैंपल जांच के लिए भेजे थे। जांच में मौलवी की पत्नी के पॉजिटिव होने की जानकारी मिली है। अब स्वास्थ्य विभाग ने महिला के परिवार से जुड़े 6 सदस्य व 19 जमातियों को सिविल अस्पताल में आइसोलेट कर दिया है। पता चला है कि इन सभी के लिए राशन का इंतजाम संक्रमित महिला का पति करता था। वहीं बाहर जाकर राशन लेकर आता था। अब स्वास्थ्य विभाग महिला से जुड़े दूसरे लोगों की हिस्ट्री भी निकाल रहा है। 


गांव रोड़ी कंटेनमेंट जोन घोषित, साथ लगते 3 किलोमीटर के क्षेत्र को किया बफर जोन घोषित
गांव रोड़ी में एक महिला की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद वायरस के फैलाव व रोकथाम के मद्देनजर उपायुक्त रमेश चंद्र बिढ़ान ने पूरे गांव को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। गांव के साथ लगते 3 किलोमीटर के इलाके को बफर जोन घोषित किया गया है। पूरे क्षेत्र के साथ-साथ प्रत्येक मकान को सैनिटाइज करने तथा लोगों की जांच व सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। 



जींद में पुलिस के जवान बेवजह घूम रहे बाइक चालक को माला पहनाकर गलती का अहसास करवाते हुए।


हरियाणा में मुंह ढके बगैर बाहर निकले तो होगी कार्रवाई
हरियाणा में अब मुंह ढके बगैर यदि घर से बाहर निकले तो तत्काल कार्रवाई होगी। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने इस संबंध में पुलिस को आदेश जारी कर दिए हैं। कोई भी व्यक्ति चाहे मास्क से मुंह ढके, या चुनरी, तौलिये, गमछे का भी इस्तेमाल कर सकता है। यदि बिना मुंह ढके पकड़ा गया तो पुलिस तत्काल कार्रवाई होगी। इससे पहले गुरुग्राम में मास्क लगाना अनिवार्य किया गया था। 


राज्य में पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा पहुंचा 183
राज्य में कुल संक्रमित का आंकड़ा 183 पहुंच गया। सबसे ज्यादा 45 मरीजों नूंह के हैं। गुरुग्राम में 32, पलवल में 29, फरीदाबाद में 31, पानीपत में 4, अम्बाला में 7, भिवानी में 2, कैथल में 2, सिरसा में 4, पंचकूला में 5, हिसार में 2, यमुनानगर में 3, झज्जर (बहादुरगढ़) में 1, रोहतक में 1, करनाल में 6, चरखी दादरी में 1, जींद में 2, कुरुक्षेत्र में 2, फतेहाबाद में 1 और सोनीपत में 3 पॉजिटिव मरीज सामने आया है। 


हरियाणा में अब तक 116 जमाती संक्रमित मिले
हरियाणा में अब संक्रमित मिले जमातियों की संख्या 116 हो गई है। इनमें सबसे ज्यादा संख्या नूंह जिले की है। यहां कुल 38 जमाती संक्रमित हैं। इसके अलावा पलवल में 28, गुरुग्राम में 15, अम्बाला में 5, भिवानी में 2, कैथल में 1, फरीदाबाद में 17, पंचकूला में 3, यमुनानगर 3, चरखी दादरी 1, जींद 1, फतेहाबाद 1, सोनीपत 1 लोग संक्रमित हैं, जो मरकज से आए हुए थे। सभी धर्म प्रचार का काम कर रहे थे। जिन्हें अलग-अलग मस्जिदों व गांवों से पकड़ा गया है।  



रोड़ी गांव के अंदर लगाया गया नाका। 


10 विदेशी 64 बाहरी राज्यों के संक्रमित
हरियाणा में मिले संक्रमित मरीजों में 10 विदेशी और 64 बाहरी राज्यों के हैं। इनमें श्रीलंका से 6, नेपाल, थाइलैंड, इंडोनेशिया व साउथ अफ्रीका का एक-एक नागरिक शामिल है। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश के 11, हिमाचल प्रदेश के 10, तमिलनाडु के 7, पचिश्म बंगाल के 4, केरला के 5, बिहार के 8, तेलंगाना के 2, आंध्र प्रदेश से 2, महाराष्ट्र के 6, जम्मू के 3, मध्यप्रदेश के 2 और पंजाब, कर्नाटक, चेन्नई, असम का एक-एक नागरिक संक्रमित है। 


37 मरीज ठीक होकर पहुंचे घर
अभी तक 37 मरीज ठीक होकर घर पहुंच चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा गुरुग्राम में ही हैं। यहां से 14 मरीज, पानीपत में 4, करनाल में 3, फरीदाबाद में 8, पंचकूला में 2, हिसार में 1, भिवानी में 1, अम्बाला में 2, सोनीपत में 1 और पलवल में 1 मरीज ठीक हुआ है।